पटना सिटी। आलमगंज थाना क्षेत्र के गायघाट बबुआगंज मोड़ के पास शनिवार को सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची 112 की टीम ने मामले की जानकारी आलमगंज थाना पुलिस को दी। व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, उक्त व्यक्ति काफी देर से सड़क किनारे गिरा हुआ था। जब लोगों ने पहली बार उसे देखा तो उसकी सांसें चल रही थीं। बाद में जब वे लौटकर वहां पहुंचे तो उसके मुंह और हाथ से खून निकल रहा था और उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
वहीं, घटनास्थल से कुछ दूरी पर राजा घाट के पास कुछ लोगों के बीच चर्चा थी कि व्यक्ति शराब के नशे में सड़क पर गिरा हुआ था। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आशंका जताई जा रही है कि किसी वाहन की चपेट में आने या किसी अन्य कारण से उसकी मौत हुई होगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।

ब्यूरो रिपोर्ट उमेश चौबे