महिलाओं को नीति निर्धारण में मिलेगी बड़ी भागीदारी, 33 प्रतिशत आरक्षण का लेशी सिंह ने किया स्वागत


पुर्णिया। बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण तथा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ेगी और उन्हें नीति निर्माण एवं महत्वपूर्ण निर्णय लेने की प्रक्रिया में प्रभावी भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा।
मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में परिसीमन एवं महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दिए जाने को लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल जनप्रतिनिधि के रूप में स्थान देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें नेतृत्व करने और निर्णय लेने का समान अवसर भी मिलना चाहिए।

लेशी सिंह ने बिहार में महिला सशक्तीकरण के लिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने के निर्णय ने उनकी सामाजिक एवं राजनीतिक भागीदारी को मजबूती दी है। शिक्षा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी महिलाओं के लिए नए अवसर बने हैं।
उन्होंने कहा कि जब महिलाएं शासन और नीति निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएंगी, तभी समाज का सर्वांगीण विकास संभव होगा। मंत्री ने सभी राजनीतिक दलों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विधेयक का समर्थन करने और व्यापक सहमति से इसे पारित कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को नेतृत्व, सम्मान और समान अवसर देना विकसित एवं सशक्त भारत के निर्माण के लिए आवश्यक है।

ब्यूरो रिपोर्ट संतोष कुमार