
धमदाहा। बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने शनिवार को धमदाहा प्रखंड में संचालित विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने धमदाहा अनुमंडल स्थित बीस सूत्री कार्यालय कक्ष में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें प्रखंड में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ समय पर पात्र लोगों तक पहुंचाएं और आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करें।

इसके बाद आयोजित विशेष शिविर में मंत्री ने लाभुकों के बीच राशन कार्ड, बासगीत पर्चा, जन्म प्रमाण पत्र, आपदा पीड़ित परिवारों को सहायता राशि के चेक तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के स्वीकृति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहे, इसके लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, विशुनपुर पंचायत में गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण योजना के तहत निर्मित ग्रामीण हाट का उद्घाटन किया। मंत्री ने कहा कि ग्रामीण हाट से स्थानीय किसानों, छोटे व्यापारियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध होगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने अधिकारियों को विकास एवं जनसेवा के कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
ब्यूरो रिपोर्ट संतोष कुमार




