पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल क्षेत्र में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर एक संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया। खीरीमोर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए अचल टोला गांव से लवकुश कुमार नामक अपराधी को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उसके घर से एक देसी कट्टा बरामद किया गया।
पुलिस को पहले से इनपुट मिल रहा था कि आरोपी अवैध हथियार के साथ किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके घर पर दबिश दी। इस दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
पालीगंज डीएसपी-1 राजीव चंद्र सिंह ने बताया कि पटना पश्चिम सिटी एसपी के निर्देश पर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह सफलता हाथ लगी है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट