
पटना।
पटना–औरंगाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग 139 पर बैगा टोला के पास शुक्रवार की देर रात एक तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान जानीपुर थाना क्षेत्र निवासी विजय यादव के 35 वर्षीय पुत्र आनंद कुमार के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आनंद कुमार सड़क पार कर रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान पटना पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटे को छोड़ गया है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
सूचना मिलने में देरी के कारण पुलिस शनिवार सुबह घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानीपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से ही युवक की जान गई है। फिलहाल वाहन और चालक की पहचान नहीं हो सकी है, जिसकी तलाश जारी है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे बनने के बाद इलाके में दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ गई है। तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से गांव के पास स्पीड ब्रेकर और अन्य सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।
घटना की जानकारी मिलने पर जिला परिषद सदस्य दीपक मांझी भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। ग्रामीणों ने नम आंखों से मृतक को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
