
पटना के पालीगंज अनुमंडल अंतर्गत खिरीमोड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार, कारतूस और मादक पदार्थ के साथ एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। 10 अप्रैल 2026 को गुप्त सूचना मिली कि रघुनाथपुर गांव निवासी कुन्दन कुमार अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखा है। सूचना के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह के निर्देशन में एसडीपीओ पालीगंज-01 और खिरीमोड़ थानाध्यक्ष के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुन्दन कुमार के घर पर छापेमारी की, जहां से एक मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, पांच खोखा, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और दो चिलम बरामद किए गए। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने गांजा के अवैध कारोबार में संलिप्त होने की बात स्वीकार की। इसके बाद दंडाधिकारी की मौजूदगी में दोबारा तलाशी लेने पर उसके घर से करीब 1 किलो 526 ग्राम गांजा भी बरामद हुआ। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
ब्यूरो रिपोर्ट
