पटना।
मद्य निषेध विभाग की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के सैदा नगर कॉलोनी, एम्स गोलंबर के पास एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में केन बीयर बरामद की। यह शराब कार की डिक्की में बनाए गए गुप्त तहखाने में छिपाकर लाई जा रही थी।
गुप्त सूचना के आधार पर निरीक्षक अजीत कुमार के नेतृत्व में टीम का गठन कर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान यूपी नंबर UP78DM 8946 की सफारी गाड़ी की तलाशी ली गई। जांच के दौरान डिक्की में विशेष रूप से तैयार किए गए गुप्त तहखाने का पता चला, जहां से 114 पीस केन बीयर (करीब 57 लीटर) बरामद किया गया।
मद्य निषेध विभाग के अनुसार, बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 20 हजार रुपये आंकी गई है। हालांकि छापेमारी के दौरान वाहन चालक मौके पर मौजूद नहीं था, जिसके कारण किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
पुलिस ने कार और बरामद शराब को जब्त कर लिया है तथा वाहन मालिक और तस्करों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। टीम में निरीक्षक अजीत कुमार, एसआई सोनम कुमारी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

अजीत कुमार की रिपोर्ट