पटना। राजधानी के शैक्षणिक परिदृश्य में अपनी अलग पहचान बना चुके इंटरनेशनल स्कूल ऑफ मैनेजमेंट (आईएसएम) पटना में 16वें स्थापना दिवस का दो दिवसीय समारोह उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। 9 अप्रैल को जहां सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रक्तदान शिविर आकर्षण का केंद्र बना, वहीं 10 अप्रैल को होने वाले मुख्य आयोजन को लेकर कैंपस में खास तैयारियां की गई हैं।
गुरुवार को आयोजित रक्तदान शिविर में छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस शिविर में एनएसएस स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका रही और प्रथमा ब्लड बैंक, पटना के सहयोग से सैकड़ों यूनिट रक्त संग्रह किया गया। इस पहल ने संस्थान की सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूती से सामने रखा।

अब सबकी निगाहें 10 अप्रैल के मुख्य कार्यक्रम पर टिकी हैं, जिसे और भी भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। शुक्रवार को दोपहर 1:30 बजे से ओपन थिएटर में सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसमें रंगोली, पोस्टर मेकिंग, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, फोटोग्राफी (कैंपस लाइफ, इमोशंस और नेचर थीम), सिंगिंग प्रतियोगिता और ओपन माइक (कविता व स्टोरीटेलिंग) शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं में छात्र अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, जबकि अनुभवी शिक्षकों की टीम निर्णायक की भूमिका में रहेगी।

इसके साथ ही “Pinnacle 2.0” स्पोर्ट्स फेस्टिवल के तहत 10 अप्रैल को भी खेल प्रतियोगिताओं का उत्साह चरम पर रहेगा। क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, शतरंज और कैरम जैसे खेलों में फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जो दर्शकों के लिए खास आकर्षण होंगे।
संस्थान के संरक्षकों—चेयरमैन समरेन्द्र सिंह, वाइस-चेयरमैन देवल सिंह और सेक्रेटरी अमल सिंह—के मार्गदर्शन तथा निदेशक प्रो. (डॉ.) संदीप कुमार, एकेडमिक हेड प्रो. (डॉ.) श्वेता रानी, प्रिंसिपल प्रो. (डॉ.) विवेकानंद शर्मा और एडमिन नीरू कुमारी के नेतृत्व में यह आयोजन संस्थान की उपलब्धियों और सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाई दे रहा है।

वाइस-चेयरमैन देवल सिंह ने कहा कि 16वां स्थापना दिवस केवल जश्न नहीं, बल्कि संस्थान की उपलब्धियों, मूल्यों और भविष्य की दिशा का प्रतीक है। 10 अप्रैल का मुख्य आयोजन इस गौरवपूर्ण यात्रा को और यादगार बना देगा।

ब्यूरो रिपोर्ट