
बिहटा (पटना)। प्रखंड क्षेत्र में सात पैक्स के चुनाव को लेकर बुधवार से नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत शांतिपूर्ण माहौल में हुई। प्रखंड सभागार में आयोजित नामांकन के पहले दिन विभिन्न पंचायतों से अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्य पदों के लिए कुल 22 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
जानकारी के अनुसार, इस चुनाव में बिहटा, अमहरा, राघोपुर, परेव, बिंदौल, मुसेपुर और सदिसोपुर पंचायतों के पैक्स शामिल हैं। नामांकन के दौरान प्रखंड परिसर में प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी शिवजन्म राम ने बताया कि बिहटा नगर परिषद क्षेत्र के तीन और चार पंचायतों में पैक्स चुनाव कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नामांकन प्रक्रिया बुधवार से शुरू होकर गुरुवार तक जारी रहेगी। इसके बाद 10 और 11 अप्रैल को नामांकन पत्रों की समीक्षा की जाएगी।

निर्वाची पदाधिकारी के अनुसार, 13 अप्रैल को नामांकन वापसी एवं उम्मीदवारों के बीच चुनाव चिह्न का वितरण किया जाएगा। मतदान 20 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 21 अप्रैल को निर्धारित की गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना तक किसी प्रकार की कोई बाधा उत्पन्न न हो।
नामांकन के पहले दिन उम्मीदवारों और उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रखंड परिसर में दिनभर हलचल बनी रही और प्रत्याशियों ने पूरे जोश के साथ अपने-अपने नामांकन दाखिल किए।

स्थानीय लोगों का मानना है कि इस बार का पैक्स चुनाव काफी रोचक और प्रतिस्पर्धी होने की संभावना है, क्योंकि कई पंचायतों में नए चेहरे भी मैदान में उतर रहे हैं। प्रशासन की सख्ती और तैयारियों के बीच चुनाव प्रक्रिया के शांतिपूर्ण संपन्न होने की उम्मीद जताई जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट
