
पूर्णिया: जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने बुधवार को धमदाहा अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न सरकारी कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने अवर निबंधन कार्यालय, अंचल कार्यालय, आरटीपीएस काउंटर, जीविका अधिकार केंद्र एवं आधार सेंटर (सीएससी) का जायजा लिया। अवर निबंधन कार्यालय में साफ-सफाई, रंग-रोगन और अभिलेखों के अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया।
अंचल कार्यालय में म्यूटेशन, परिमार्जन और ई-मापी से जुड़े मामलों के समयबद्ध निष्पादन पर जोर देते हुए डीएम ने लंबित मामलों को निर्धारित समय सीमा में निपटाने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में प्राप्त परिवादों की समीक्षा के दौरान कार्यप्रणाली पर संतोष जताते हुए मामलों के त्वरित निष्पादन को कहा गया। डीसीएलआर को लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे का निर्देश दिया गया।
आरटीपीएस काउंटर पर किसी भी आवेदन को लंबित न रखने और जरूरत पड़ने पर ऑफलाइन आवेदन स्वीकार करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट संतोष कुमार
