
पूर्णिया: सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद कनौजिया ने अनुमंडलीय अस्पताल धमदाहा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रसव कक्ष, दवा भंडार, शल्य कक्ष, ओपीडी, आपातकालीन कक्ष, जनरल पैथोलॉजी समेत अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद सिविल सर्जन ने सभी चिकित्सकों को रोस्टर के अनुसार समय पर उपस्थित होकर सेवा भाव से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर इलाज मिलना प्राथमिकता होनी चाहिए, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दवा भंडार की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए भंडारपाल को एक सप्ताह के भीतर रख-रखाव और साफ-सफाई में सुधार लाने का सख्त निर्देश दिया गया। वहीं आउटसोर्सिंग एजेंसी को भी सफाई व्यवस्था में सुधार करने की चेतावनी दी गई।
मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कपिल अहमद समेत कई चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट संतोष कुमार
