आरा/बड़हरा: भोजपुर जिले के कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम बेटी की निर्मम हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी पिता को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। कृष्णगढ़ पुलिस ने जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरुषोत्तमपुर गांव में स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर आरोपी दीपांकर कुमार को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बीते 18 मार्च को आरोपी अपनी पत्नी सुनती कुमारी और मासूम बेटी के साथ ईंटहाना गांव स्थित ब्रह्म स्थान पर पूजा करने पहुंचा था। इसी दौरान अचानक उसने पत्नी की गोद से बच्ची को छीन लिया और जमीन पर पटक दिया। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई।
गंभीर रूप से घायल बच्ची को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृत बच्ची की मां शव को लेकर अपने मायके पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद जहानाबाद में पोस्टमार्टम कराया गया और नगर थाना में जीरो टॉलरेंस के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
घटना के बाद से आरोपी फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। अंततः पुलिस की सक्रियता के चलते उसे जहानाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व कृष्णगढ़ थानाध्यक्ष रौशन कुमार कर रहे थे। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

ब्यूरो रिपोर्ट अनील त्रिपाठी