
पटना। गोपालपुर थाना क्षेत्र के बादशाही पइन के पास सोमवार को जमीन विवाद में हुई गोलीबारी के मामले में सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इस घटना में घायल ओम प्रकाश यादव और जितेंद्र कुमार का इलाज चल रहा है और मामले में मुख्य आरोपी उदय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसपी ने बताया कि घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उदय सिंह को दबोच लिया, जबकि उसके दोनों बेटे गौरव सिंह और उज्जवल सिंह फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। दोनों के पास लाइसेंसी हथियार हैं, जिन्हें निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब दो बीघा जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस जमीन की कीमत लगभग 40 करोड़ रुपये बताई जा रही है। उदय सिंह ने पूछताछ में 31 मार्च 2026 को जमीन की रजिस्ट्री कराने और बाउंड्री वॉल निर्माण के दौरान विवाद बढ़ने की बात स्वीकार की है।
एसपी ने यह भी बताया कि घटना से पहले इस मामले में शिकायत दर्ज कराई गई थी और पुलिस ने ओम प्रकाश यादव को प्लॉट पर जाने से मना किया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।
ब्यूरो रिपोर्ट
