
पटना के फुलवारी शरीफ स्थित चौहरमल नगर में मंगलवार को शिरोमणि बाबा चौहरमल की 41वीं राष्ट्रीय जयंती के अवसर पर दो दिवसीय महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। 7 और 8 अप्रैल 2026 को आयोजित इस आयोजन में श्रद्धा, परंपरा और लोक-संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
महोत्सव की शुरुआत चितकोहरा अंबेडकर चौक से निकली भव्य शोभा यात्रा के साथ हुई। यह यात्रा अनीसाबाद, पुलिस कॉलोनी और खेजाई इमली होते हुए चौहरमल नगर स्थित स्मारक परिसर पहुंची, जहां यह एक विशाल सभा में बदल गई। शोभा यात्रा में हाथी, घोड़ा, ऊंट, बैंड-बाजे और सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। पारंपरिक तलवार, लाठी और भाला के करतबों ने लोगों को खासा आकर्षित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत चौहरमल स्मारक निर्माण समिति के संस्थापक अध्यक्ष स्व. प्यारे लाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद चौहरमल पार्क में दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया गया। समिति के अध्यक्ष दिनेश पासवान ने बाबा चौहरमल को समतामूलक समाज का प्रतीक बताते हुए उनके आदर्शों पर चलने की अपील की।

महोत्सव के दौरान चौहरमल पार्क में सजा मेला आकर्षण का केंद्र बना रहा। यहां खिलौनों की दुकानें, चार्ट-पकड़ो खेल, रंग-बिरंगे झूले और अन्य मनोरंजन के साधनों ने बच्चों और महिलाओं को खूब लुभाया। लोग खरीदारी और झूलों का आनंद लेते नजर आए, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी।
रात के समय पारंपरिक लोकगाथाओं पर आधारित नाट्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति दी जा रही है, जिसमें कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से लोगों का दिल जीत लिया। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस और प्रशासन की सख्त व्यवस्था के चलते सुरक्षा और शांति बनी रही।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष रविन्द्र पासवान, सचिव शैलेन्द्र पासवान, उप सचिव मनोज कुमार रविदास, संयुक्त सचिव सुभाष पासवान, व्यवस्थापक महेश पासवान उर्फ लल्लू जी, राम बाबू पासवान, शैलेश उर्फ गुड्डु पासवान, पिंटू पासवान, राजेन्द्र पासवान, विकल, चन्दन, संतोष, अजय, बड़का पासवान, राजेश पासवान, रामानन्द पासवान, निवास पासवान समेत कार्यकारिणी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
दो दिवसीय इस महोत्सव का समापन 8 अप्रैल को भव्य कार्यक्रमों के साथ होगा, जिसका लोगों को बेसब्री से इंतजार है।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
