पटना के गौरीचक थाना क्षेत्र के सोहगी मोड़ पर रविवार देर शाम एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते खौफनाक रूप ले लिया। उधार में सिगरेट देने से इनकार करने पर कुछ युवकों ने गुमटी दुकानदार पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उसकी पत्नी और मासूम बच्चे भी जख्मी हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम के समय तीन युवक गुमटी पर पहुंचे और सिगरेट मांगी। दुकानदार ने उधार देने से मना किया तो पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही गाली-गलौज और धक्का-मुक्की में बदल गई। इसी दौरान आरोपितों ने दुकान में रखा चाकू उठाया और दुकानदार पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

हमले में दुकानदार लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुटे, वहीं घर से उसकी पत्नी और बच्चे भी मौके पर पहुंच गए। लेकिन हमलावरों ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए उन्हें भी निशाना बनाया। पत्नी और बच्चों पर भी चाकू से हमला किया गया, जिससे वे घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे, जबकि महिलाओं की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा। सूचना मिलते ही गौरीचक थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

घायलों को तत्काल संपतचक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद दुकानदार की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पटना रेफर कर दिया गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है, जबकि बच्चों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
थानाध्यक्ष (ट्रेनी आईपीएस) सुषमा सागर ने बताया कि घटना में 4-5 लोग शामिल थे। आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग खुलेआम हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

अजीत कुमार की रिपोर्ट