
पिपलावां थाना क्षेत्र के सरारी गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान आदमपुर निवासी इस्तखार खान के पुत्र तसव्वर आलम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, तसव्वर अपने दोस्तों के साथ आंबेडकर विद्यालय के पीछे मिट्टी कटाई से बने पानी भरे गड्ढे में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और लापता हो गया। साथियों ने काफी तलाश की, लेकिन जब वह नहीं मिला तो परिजनों को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीणों ने खोजबीन कर तसव्वर को गड्ढे से बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए पटना एम्स ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से गांव में मातम पसरा है। सूचना पर पिपलावां थाना प्रभारी सागर कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे। फिलहाल परिजनों की ओर से आवेदन नहीं दिया गया है, आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
