पटना जिले के फुलवारी शरीफ क्षेत्र के गौरीचक थाना अंतर्गत सोहगी बड़ा नहर के पास सोमवार दोपहर एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। यह आग शिवम इलेक्ट्रॉनिक्स नामक दुकान में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग खुद ही आग बुझाने में जुट गए, लेकिन शुरुआती प्रयास नाकाम रहे।
इसी दौरान आग बुझाने की कोशिश में दुकानदार शैलेंद्र सिंह का 12 वर्षीय बेटा पीयूष बुरी तरह झुलस गया। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत संपतचक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
दुकान में रखे महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान, तार और उपकरण पूरी तरह जलकर राख हो गए, जिससे लगभग 7 से 8 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

अजीत कुमार की रिपोर्ट