
दानापुर से सटे सराय स्थित लालबाबू सिंह मार्केट रविवार को उस वक्त जश्न में डूब गया, जब ‘बंटी मैथेमेटिक्स क्लासेज’ में इंटर के मेधावी छात्र-छात्राओं का भव्य सम्मान समारोह आयोजित हुआ। हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और हर चेहरे पर सफलता की चमक साफ दिख रही थी।
कार्यक्रम में एक-एक कर टॉपर्स को मंच पर बुलाया गया और बंटी सर ने उन्हें मेडल व फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया। मैथेमेटिक्स में रिया कुमारी ने 98% अंक हासिल कर सबको चौंका दिया। वहीं आशिका कुमारी (97%), करीना, आयुष मिश्रा और प्रशांत कुमार (96%), स्वीटी कुमारी और सत्यप्रकाश (95%) ने भी शानदार प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन किया। खास बात यह रही कि 25 से अधिक छात्र-छात्राओं ने 90% से ऊपर अंक हासिल किए, जबकि कई विद्यार्थियों ने 80% से अधिक अंक लाकर सफलता की नई कहानी लिखी।

बंटी सर ने कहा कि,” उनके संस्थान में अधिकतर गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चे पढ़ते हैं, जो सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत करते हैं। उनका लक्ष्य है कि यहां से पढ़ने वाले बच्चे आगे चलकर बड़े अधिकारी बनें और समाज में अपनी अलग पहचान बनाएं।”

छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया। दिलचस्प बात यह है कि जहां शहरों में लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी कई बार अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाते, वहीं इस तरह के ग्रामीण संस्थान कम संसाधनों में ही बेहतरीन नतीजे देकर मिसाल पेश कर रहे हैं। यह सफलता पूरे इलाके के लिए प्रेरणा बन गई है।
ब्यूरो रिपोर्ट
