
पटना/बिहटा। भीषण गर्मी को देखते हुए बिहटा क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को लेकर पहल तेज हो गई है। समाजसेवी रिंकू सिंह ने बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के मंत्री संजय सिंह से मुलाकात कर प्रखंड (ग्रामीण) और नगर परिषद (शहरी) दोनों स्तरों पर नल-जल योजना की समस्याएं उठाईं और समय रहते सुधार की मांग की।
रिंकू सिंह ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में स्थिति कमोवेश संतोषजनक है, लेकिन कई वार्डों में मोटर खराब होने से जलापूर्ति प्रभावित हो रही है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में समस्या अधिक गंभीर है, जहां कई घरों तक अब तक नियमित पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ऑपरेटरों की लापरवाही और समय पर मोटर नहीं चलाने की शिकायत भी सामने आई है। साथ ही कई जगह नल में टोटी नहीं होने से पानी की बर्बादी हो रही है।
🗣️ रिंकू सिंह ने कहा, “शहरी क्षेत्र में तकनीकी समस्याएं हैं, जिन्हें जल्द ठीक करने की जरूरत है। ग्रामीण इलाकों में लापरवाही बड़ी समस्या है। हमने मंत्री जी से अनुरोध किया है कि गर्मी से पहले व्यवस्था दुरुस्त की जाए। साथ ही 5 अप्रैल को मंत्री संजय सिंह के आरा कार्यक्रम के दौरान बिहटा में उनका स्वागत भी किया जाएगा।”
🗣️ मंत्री संजय सिंह ने कहा, “हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। बिहटा की समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।”
दरअसल, नल-जल योजना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के “सात निश्चय” कार्यक्रम की एक अहम कड़ी है, जिसका उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल पहुंचाना है। ऐसे में यदि प्रशासनिक स्तर पर दिए गए निर्देशों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पालन होता है, तो आने वाली गर्मी में बिहटा के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है और लंबे समय से चली आ रही जलापूर्ति की समस्याओं का स्थायी समाधान भी संभव हो सकेगा।
ब्यूरो रिपोर्ट
