पटना: पत्रकारों के साथ कथित बदसलूकी के मामले में बिहार पुलिस मुख्यालय ने सख्त रुख अपनाया है। राज्य के डीजीपी विनय कुमार ने पटना के नौबतपुर थानाध्यक्ष मंजीत ठाकुर के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। इस संबंध में पटना आईजी को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सिटी एसपी पश्चिमी भानु प्रताप सिंह के कार्यालय के बाहर की बताई जा रही है। आरोप है कि नौबतपुर थानाध्यक्ष ने वहां मौजूद करीब दर्जन भर पत्रकारों के साथ गाली-गलौज की और उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
घटना के बाद सिटी एसपी पश्चिमी द्वारा जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन दो दिनों तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर मामला तूल पकड़ने लगा। इसके बाद श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के बैनर तले महासचिव मुकुंद कुमार सिंह, उपाध्यक्ष आकाश कुमार समेत अन्य पत्रकारों ने डीजीपी से मिलकर लिखित शिकायत सौंपी।
शिकायत मिलने के बाद डीजीपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पटना आईजी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। निर्देश दिया गया है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
फिलहाल इस मामले को लेकर पुलिस महकमे में चर्चा तेज है। अब सभी की नजर आईजी की जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई।

अजीत कुमार की रिपोर्ट