पटना के खगौल थाना क्षेत्र में दहेज हत्या का गंभीर मामला सामने आया है। विवाहिता आरती सिन्हा की मौत के बाद मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज करते हुए त्वरित कार्रवाई में पति, ससुर और भैंसुर को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका के भाई सौरव कुमार ने आरोप लगाया है कि आरती की शादी नवंबर 2025 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के दौरान नकद राशि और गहनों सहित पर्याप्त दहेज दिया गया था, इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से लगातार अतिरिक्त मांग की जाती रही।

आरती सिन्हा का फाइल फोटो

परिजनों के अनुसार, शादी के कुछ ही दिनों बाद से पति पवन प्रकाश, ससुर विमलेश सिंह, भैंसुर धर्मप्रकाश और अन्य ससुराल वाले दहेज को लेकर आरती को प्रताड़ित करने लगे। छठ पर्व से पहले आरती ने फोन कर बताया था कि उससे गहने मांगे जा रहे हैं और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जा रही है।
आरोप है कि 31 मार्च को ससुराल पक्ष की ओर से सूचना दी गई कि आरती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब मायके वाले अस्पताल पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने इसे सुनियोजित दहेज हत्या बताया है।
खगौल थाना अध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और एफएसएल टीम जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

ब्यूरो रिपोर्ट