
पटना। पुनपुन थाना क्षेत्र में हाउसमेड की नौकरी दिलाने के बहाने एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। घटना सोमवार देर रात अलावलपुर गांव के पास की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पीड़िता, जो पटना में खाना बनाने का काम करती है, ने पुलिस को बताया कि चिहुट निवासी रमेश चौधरी ने उसे काम दिलाने के नाम पर ऑटो से पुनपुन बुलाया। पुनपुन घाट के समीप आरोपियों ने उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद रमेश चौधरी ने अपने सहयोगियों कुंदन उर्फ कुणाल और सागर उर्फ सरदार के साथ मिलकर ऑटो में ही दुष्कर्म किया और फरार हो गए।
महिला ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी बेबी कुमारी के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि ऑटो चालक फरार है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है तथा एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट
