
दानापुर। नगर परिषद की सोमवार को हुई अहम बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 355 करोड़ 12 लाख 56 हजार 700 रुपये का बजट प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। बैठक की अध्यक्षता परिषद अध्यक्ष शिल्पी मेहता ने की, जबकि कार्यपालक पदाधिकारी पंकज कुमार सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में शहर की बुनियादी समस्याओं और विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। खासतौर पर जलजमाव, सफाई व्यवस्था, सड़क मरम्मत और नई योजनाओं के क्रियान्वयन को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी।
बजट में जल निकासी और नाला सफाई के लिए 2.05 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं सड़क, गली और नाला निर्माण के लिए 116.08 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा सड़कों के रखरखाव और अन्य कार्यों पर 1.71 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
जल संसाधनों के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कुओं और तालाबों के जीर्णोद्धार तथा हैंडपंप मरम्मत के लिए 4.88 करोड़ रुपये तय किए गए हैं। झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों के विकास के लिए 4.53 करोड़ रुपये का प्रावधान भी बजट में शामिल है।

नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 28 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जबकि कचरा प्रबंधन और परिवहन मद में 4 करोड़ रुपये रखे गए हैं। स्ट्रीट लाइट और विद्युत खर्च पर 20.51 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।
कर्मचारियों से जुड़े मदों में स्थायी कर्मियों के वेतन-भत्तों के लिए 4.50 करोड़ रुपये और संविदा कर्मियों के लिए 2.50 करोड़ रुपये का प्रावधान है। इसके अलावा पारिवारिक पेंशन हेतु 11.79 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं।
जनप्रतिनिधियों के लिए भ्रमण मद में 1 करोड़ रुपये तथा भत्ता मद में 18.20 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। वहीं पर्व-त्योहारों के आयोजन के लिए 2.60 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है।

बैठक में अधूरे पड़े विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही कई नए प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श हुआ, जिन्हें आगामी योजनाओं में शामिल किया जा सकता है।
अधिकारियों के अनुसार, इस बजट का मुख्य उद्देश्य शहर में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना और विकास कार्यों को गति देना है। स्थानीय लोगों को भी इस बजट से शहर में सुधार की उम्मीद जगी है।
ब्यूरो रिपोर्ट
