पटना, 27 मार्च — राम नवमी के पावन अवसर पर राजधानी पटना में आस्था, उत्साह और शक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जब हिंदू पुत्र संगठन के नेतृत्व में एक भव्य और ऐतिहासिक शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरा शहर “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा और हर गली-चौराहा राममय हो गया।
शोभा यात्रा की शुरुआत रूपसपुर भट्टा से हुई, जहां वेद विद्यालय के बटुक बालकों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना कर यात्रा का शुभारंभ कराया। जैसे ही यात्रा आगे बढ़ी, श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

इस मौके पर बिहार सरकार के पूर्व मंत्री नीतीश मिश्रा और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कुंतल कृष्णन समेत कई गणमान्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
शोभा यात्रा की सबसे बड़ी खासियत रही इसकी आकर्षक झांकियां। रथों पर सजे कलाकारों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान के रूप में जीवंत प्रस्तुति दी, जिसे देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे और झारखंडी बैंड की धुनों पर युवा जमकर थिरकते नजर आए।
इस पूरे आयोजन का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नागेश सम्राट कर रहे थे। यात्रा रूपसपुर भट्टा से राजवंशी नगर होते हुए महावीर मंदिर पटना पहुंची और अंत में श्री राम चौक पर जाकर संपन्न हुई।

इस दौरान चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप, समाजसेवी अभिमन्यु यादव, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश सह संयोजक रजनीश तिवारी सहित कई प्रमुख चेहरे मौजूद रहे। बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी ने इस शोभा यात्रा को और भी भव्य बना दिया।
पूरे मार्ग में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे यह विशाल आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
राम नवमी के इस भव्य आयोजन ने पटना में न सिर्फ आस्था और परंपरा की जीवंत तस्वीर पेश की, बल्कि समाज में एकता, उत्साह और सांस्कृतिक चेतना का मजबूत संदेश भी दिया।

ब्यूरो रिपोर्ट