
पटना के बिहटा थानाक्षेत्र के पतसा गांव स्थित मांझी टोला में शुक्रवार की शाम खाना बनाने के दौरान अचानक गैस सिलेंडर में आग लग गई। आग लगते ही इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, घुटन मांझी के घर में खाना बन रहा था, तभी सिलेंडर में आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलते हुए पास के राम ईश्वर मांझी और अजय मांझी के घर तक पहुंच गई, जिससे तीनों घरों को काफी नुकसान हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर वार्ड संख्या 7 के पार्षद इंदल कुमार भी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में सहयोग किया। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन तीन घरों में रखे सामान जलकर नुकसान हुआ है। प्रशासन द्वारा स्थिति का आकलन किया जा रहा है और पीड़ित परिवारों को सहायता देने की प्रक्रिया जारी है।
ब्यूरो रिपोर्ट निशांत कुमार
