
पटना के बिहटा नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 23 के राघोपुर तीन मुहानी के पास लंबे समय से नाले का पानी सड़क पर बहने की समस्या अब दूर हो गई है। नगर परिषद प्रशासन ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई कर क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत दी है।
नगर परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर पंपसेट के जरिए सड़क पर जमा गंदे पानी को बाहर निकाला। इसके बाद आज सक्शन मशीन लगाकर नाले की पूरी तरह सफाई कराई गई, जिससे न केवल जलजमाव खत्म हुआ बल्कि आसपास के इलाके में फैली दुर्गंध से भी लोगों को राहत मिली है।
इस कार्य के दौरान मजदूरों की टीम भी लगाई गई है, जो लगातार नाले की सफाई में जुटी हुई है ताकि पानी का बहाव सुचारु बना रहे और भविष्य में इस तरह की समस्या उत्पन्न न हो।

नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गुरु शरण सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया था। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों से मशीन में तकनीकी समस्या होने के कारण सफाई कार्य प्रभावित हुआ था, लेकिन अब मशीन ठीक हो चुकी है और तेजी से सफाई कार्य कराया गया है।

इसके साथ ही नगर परिषद द्वारा पूरे क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। आने वाले समय में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया जाएगा, जिससे नगर परिषद क्षेत्र को स्वच्छ और बेहतर बनाया जा सके।
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि आगे भी इसी तरह नियमित रूप से सफाई कार्य जारी रहेगा और क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था बनी रहेगी।
ब्यूरो रिपोर्ट
