फुलवारी शरीफ। संपतचक प्रखंड के एकतापुरम, भोगीपुर स्थित “मिशन नौनिहाल सम्मान” की तीन छात्राओं ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की 10+2 परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सफल छात्राओं में मिन्ता कुमारी पासवान, तृषा कुमारी पासवान और रुपा कुमारी पासवान शामिल हैं।
इन छात्राओं की सफलता खास इसलिए भी मानी जा रही है क्योंकि ये सभी बेहद गरीब परिवारों से आती हैं। उनके माता-पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद छात्राओं ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से यह मुकाम हासिल किया है।
“मिशन नौनिहाल सम्मान” संस्था देश की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले के विचारों से प्रेरित होकर संचालित हो रही है। संस्था को “सर्वोच्च मानवाधिकार संरक्षण सम्मान” से भी सम्मानित किया जा चुका है। 95 वर्षीय समाजसेवी सुखदेव सिंह के नेतृत्व में संचालित इस संस्था के माध्यम से दलित, महादलित एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा दी जा रही है। स्थानीय विधायक अरुण मांझी के सहयोग से यह अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है।
छात्राओं की इस उपलब्धि पर सामाजिक कार्यकर्ता रॉकी कुमार और बिनेश पासवान ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज में वास्तविक बदलाव का सबसे सशक्त माध्यम है। छात्राओं की यह सफलता अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा बनेगी।
स्थानीय लोगों ने भी इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि इन बेटियों ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।

अजीत कुमार की रिपोर्ट