
पटना। चैती छठ महापर्व के प्रथम संध्या अर्घ्य के अवसर पर फुलवारी शरीफ प्रखंड सहित आसपास के शहरी और ग्रामीण इलाकों में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए तालाबों, सरोवरों, नदियों और नहर घाटों पर व्रतियों एवं श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पूरे क्षेत्र में छठी मैया के पारंपरिक गीतों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

फुलवारी शरीफ, संपतचक, परसा बाजार, गौरीचक, जानीपुर, पुनपुन, रामकृष्णा नगर, भोगीपुर और अनीसाबाद समेत कई इलाकों के प्रमुख छठ घाटों पर व्रतियों ने पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ भगवान भास्कर की उपासना की। मानिकचंद तालाब, प्रखंड मुख्यालय स्थित शिव मंदिर तालाब, करोड़ी चक गणेश तालाब, कुरकुरी घाट, बीएमपी तालाब घाट, बहादुरपुर छठ घाट और गोणपूरा सूर्य मंदिर तालाब सहित अन्य घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे।
व्रतियों ने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाएं और पुरुष जल में खड़े होकर पूरे श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना करते नजर आए।

भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा। सुबह से ही घाटों की साफ-सफाई और आकर्षक सजावट का कार्य जारी रहा, जिसमें स्थानीय लोगों के साथ-साथ प्रशासन का भी सराहनीय सहयोग देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और विभिन्न घाटों व रास्तों पर पुलिस बल की तैनाती की गई, जिससे पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

चैती छठ महापर्व का प्रथम अर्घ्य सभी घाटों पर भक्ति और उल्लास के माहौल में सम्पन्न हुआ। अब व्रती उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी में जुट गए हैं।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
