
आरा (भोजपुर)। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से एक दिन पहले जिले के पीरो थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब रजिस्ट्री कार्यालय परिसर में जमीन विवाद को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग हो गई। महज तीन कठ्ठा जमीन के विवाद में चली गोलियों से सगे भाइयों समेत चार लोग घायल हो गए, जबकि छर्रा लगने से तीन अन्य लोग भी जख्मी हुए हैं।
घटना के बाद रजिस्ट्री कार्यालय परिसर में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राज तथा पीरो एएसपी सह एसडीपीओ कृष्ण कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
घायलों में ये लोग शामिल
घायलों में पीरो थाना क्षेत्र के बलुआ टोला निवासी प्रॉपर्टी डीलर जितेंद्र यादव उर्फ जीतू यादव, उनके पुत्र सत्येंद्र यादव उर्फ मलख यादव, गांव के ही पिंटू कुमार उर्फ कच्चे कुमार तथा चरपोखरी थाना क्षेत्र के नगरांव निवासी रितेश दुबे शामिल हैं।
बताया गया कि रितेश दुबे को दाहिने हाथ की कलाई में, जितेंद्र यादव को गर्दन में, सत्येंद्र यादव को जांघ व पैर में तथा पिंटू कुमार को जांघ में गोली लगी है।
वहीं फायरिंग के दौरान छर्रा लगने से दिनेश कुमार सिंह (बलुआ टोला), कौशल दुबे (नगरांव) और अनिल कुमार (करथ, तरारी) भी घायल हो गए। चार घायलों को शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य का इलाज पीरो पीएचसी में चल रहा है।
दो वर्षों से चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार, तीन कठ्ठा जमीन को लेकर पिछले दो वर्षों से विवाद चल रहा था। इस संबंध में स्थानीय थाना में मामला भी दर्ज कराया गया था और मारपीट की धमकियां भी दी जा चुकी थीं।
घटना के वक्त सभी लोग जमीन की रजिस्ट्री कराने पीरो रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान आरोप है कि सूरज राय अपने चार साथियों के साथ वहां पहुंचा और अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस कर रही छापेमारी
पीरो एएसपी सह एसडीपीओ कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि जमीन के स्वामित्व को लेकर दोनों पक्ष रजिस्ट्री कराने पहुंचे थे, इसी दौरान विवाद बढ़ा और गोलीबारी हो गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
डॉक्टरों ने किया ऑपरेशन
इलाज कर रहे सर्जन डॉ. विकास सिंह ने बताया कि गोली से घायल चार मरीज अस्पताल पहुंचे थे, जिनका ऑपरेशन कर बुलेट निकाल दिया गया है। सभी को फिलहाल चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट हो गया है।
ब्यूरो रिपोर्ट अनील कुमार त्रिपाठी
