फुलवारी शरीफ। पटना-गया रेलखंड पर एक बार फिर लापरवाही और व्यवस्था की कमी ने एक जान ले ली। कुरथौल के पास मंगलवार को बिना गेट वाले रेलवे क्रॉसिंग पर हुए भीषण हादसे में एक शिक्षक की ट्रेन से कटकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मृतक का शरीर दो हिस्सों में बंट गया, जबकि उनकी मोटरसाइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतक की पहचान पटना के जक्कनपुर निवासी संतु के रूप में हुई है, जो कुरथौल हाई स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, वे किसी कार्य से बाहर गए थे और वापस लौटने के दौरान यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, संतु अपनी हीरो होंडा पैशन (BR-01-2124) से राजपूताना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कुरथौल के पास बिना गेट वाले रेलवे क्रॉसिंग को पार करते समय अचानक तेज रफ्तार ट्रेन आ गई और वे उसकी चपेट में आ गए। संभलने का मौका तक नहीं मिला और कुछ ही क्षणों में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हादसे की भयावहता देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
स्थानीय निवासी रोशन कुमार ने बताया कि इस स्थान पर लंबे समय से रेलवे गुमटी नहीं है, जिसके कारण लोग रोजाना जान जोखिम में डालकर पटरी पार करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने कई बार यहां गुमटी या सुरक्षित क्रॉसिंग की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा व्यवस्था होती, तो इस हादसे को टाला जा सकता था।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द यहां रेलवे गुमटी या ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

अजीत कुमार की रिपोर्ट