
पटना।
चैती छठ के पावन अवसर पर चितकोहरा स्थित जदयू नेता नंदकिशोर कुशवाहा के आवास पर खरना के दिन श्रद्धा और भक्ति का भव्य माहौल देखने को मिला। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, कार्यकर्ता और कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां एकत्रित हुईं और प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय चौधरी, अशोक चौधरी, पूर्व मंत्री जयंत राज, पूर्व मंत्री श्याम रजक, एमएलसी संजय सिंह, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, एमएलसी संजय गांधी, राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष अंजुम आरा, पार्टी प्रवक्ता अरविंद निषाद, अति पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नवीन आर्य और नागरिक परिषद के महासचिव वीरेंद्र दांगी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस आयोजन की एक खास पहचान यह भी है कि नंदकिशोर कुशवाहा की पत्नी अन्नपूर्णा देवी पिछले करीब 19 वर्षों से लगातार चैती छठ व्रत कर रही हैं। वर्ष 2006 से शुरू हुई यह परंपरा आज भी पूरी निष्ठा और विधि-विधान के साथ निभाई जा रही है। हर साल इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी यहां पहुंचते रहे हैं, लेकिन इस बार वे किसी कारणवश शामिल नहीं हो सके।

खरना के दिन विधिपूर्वक पूजा-अर्चना कर खीर, रोटी और गुड़ का प्रसाद तैयार किया गया, जिसे श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया। पूरे परिसर में छठी मैया के गीत गूंजते रहे और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
इस दौरान उपस्थित नेताओं और गणमान्य लोगों ने छठ महापर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इसे आस्था, अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया। सभी ने प्रदेशवासियों के सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति से पूरे इलाके में चहल-पहल बनी रही और आस्था का संगम स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
