धमदाहा (पूर्णिया):
नगर पंचायत के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से आयोजित सामान्य बोर्ड की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 70 करोड़ 84 लाख रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद रानी देवी ने की। इस बजट में नगर की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ समग्र विकास पर विशेष फोकस रखा गया है।
बजट प्रावधानों के तहत कचरा प्रबंधन के लिए 5 करोड़ रुपये, आवास योजना के लिए 10 करोड़ रुपये तथा कंक्रीट सड़क निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा सड़क एवं नाला निर्माण हेतु 2 करोड़ रुपये और जल वितरण व नियमन प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए 2.5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
नगर को स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइट के लिए 2 करोड़ रुपये, डस्टबिन व्यवस्था के लिए 1 करोड़ रुपये तथा सौंदर्यीकरण के लिए 30 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। अन्य विकास योजनाओं पर भी आवश्यकतानुसार राशि खर्च की जाएगी।
बैठक में मुख्य पार्षद रानी देवी ने कहा कि यह बजट नगर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे आने वाले एक वर्ष में कई योजनाएं धरातल पर उतरेंगी और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उप मुख्य पार्षद मीणा कुमारी ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में नगर में विकास कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी समय में विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
नगर कार्यपालक पदाधिकारी दिव्या मिश्रा ने बताया कि बैठक शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और सभी पार्षदों की उपस्थिति में बजट को मंजूरी दी गई। उन्होंने कहा कि बजट में शामिल योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में विनय सिंह, विजय साह, दीपक कुमार, नंदन कुमार, कुमोद रजक, अन्नू कुमारी, अनुपम देवी, पूनम देवी, बुचिया देवी, मो. शम्सुद्दीन, जितेंद्र सिंह, मंजू देवी, बेबी देवी, नूतन देवी, सोनम देवी, संदीप कुमार सिंह, उर्मिला देवी सहित कई पार्षद मौजूद रहे।

ब्यूरो रिपोर्ट संतोष कुमार