
पटना सिटी:
लोक आस्था के महापर्व चैती छठ की शुरुआत आज ‘नहाए-खाए’ के साथ पूरे श्रद्धा और उत्साह के माहौल में हुई। इस पावन अवसर पर बड़ी पटनेश्वरी शक्तिपीठ गड़हा वाली माता मंदिर परिसर में छठ व्रतियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर वर्ष की तरह इस बार भी मंदिर प्रांगण में चैती छठ का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें दूर-दराज से आई महिलाएं पूरी निष्ठा के साथ व्रत कर रही हैं।
मंदिर परिसर में सुबह से ही छठ व्रतियों द्वारा ‘नहाए-खाए’ की विधि पूरी की गई। इस दौरान व्रती महिलाएं पवित्र स्नान कर शुद्ध सात्विक भोजन ग्रहण करती हैं, जिससे चार दिवसीय छठ अनुष्ठान की विधिवत शुरुआत होती है। पूरे परिसर में भक्ति गीतों और छठी मइया के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

मंदिर के व्यवस्थापक सौरभ कुमार उर्फ धनु ने बताया कि,
“हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां छठ व्रत करने पहुंचते हैं। मंदिर की ओर से व्रतियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि किसी को कोई परेशानी न हो। साफ-सफाई, प्रसाद, जल व्यवस्था और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है।”
छठ व्रत करने आई महिलाओं ने भी अपनी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि,
“हम लोग हर साल यहीं आकर माता शक्तिपीठ के द्वार पर छठ व्रत करते हैं। यहां पूजा-अर्चना करने से मन को शांति मिलती है और एक अलग ही सुकून का अनुभव होता है।”

स्थानीय महिलाओं और युवतियों ने भी बढ़-चढ़कर इस आयोजन में भाग लिया। वे छठ व्रतियों की सेवा में जुटी रहीं और पूरे उत्साह के साथ व्यवस्थाओं में सहयोग करती नजर आईं। मंदिर की ओर से श्रद्धालुओं के बीच छठ प्रसाद का वितरण भी किया गया, जिसे लोगों ने श्रद्धा भाव से ग्रहण किया।
चैती छठ के इस पावन अवसर पर बड़ी पटनेश्वरी शक्तिपीठ एक बार फिर आस्था, सेवा और सामाजिक एकता का केंद्र बन गया है, जहां हर वर्ग के लोग मिलकर इस महापर्व को भव्यता के साथ मना रहे हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट उमेश कुमार चौबे
