फुलवारी शरीफ: पटना-डोभी हाईवे पर शनिवार की देर शाम रफ्तार का कहर ऐसा टूटा कि एक पल में दो जिंदगियां खत्म हो गईं, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। सिमरा के पास हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और करीब एक घंटे तक आवागमन ठप कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, सिमरा के पास मजदूरी कर घर लौट रहे पिंटू दास को तेज रफ्तार से आ रही बुलेट मोटरसाइकिल ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह उछलकर सड़क किनारे जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद बुलेट मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस दुर्घटना में बाइक चला रहे कुर्जी निवासी राहुल कुमार की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे उसका दोस्त अविनाश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। गुस्साए लोगों ने पटना-डोभी हाईवे को जाम कर दिया और सड़क पर टायर जलाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित भीड़ शांत होने को तैयार नहीं थी। स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
थानाध्यक्ष मेनका रानी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और किसी तरह जाम हटवाया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, ग्रामीणों की मदद से घायल अविनाश कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर लगातार हो रहे हादसों पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

अजीत कुमार की रिपोर्ट