
फुलवारी शरीफ: सुपौल जिले के बीरपुर थाना प्रभारी के खिलाफ गंभीर आरोपों को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। भारतीय लोकहित पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रख्यात शिक्षाविद् एवं पर्यावरणविद् गुरुदेव श्री प्रेम ने उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय सिन्हा को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन के अनुसार, 14 मार्च 2026 को बीरपुर क्षेत्र की निवासी मालती देवी के साथ कथित रूप से भू-माफिया प्रकाश कुमार द्वारा दुर्व्यवहार किया गया। आरोप है कि इस मामले में स्थानीय थाना प्रभारी ने निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में विफल रहे।
गुरुदेव श्री प्रेम ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी ने संपत्ति विवाद में अनावश्यक हस्तक्षेप करते हुए पीड़ित परिवार पर दबाव बनाया और उन्हें जेल भेजने तक की धमकी दी। उन्होंने यह भी कहा कि थाना परिसर में दलालों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है और आम जनता का भरोसा पुलिस प्रशासन से उठता जा रहा है।
उन्होंने सरकार से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित या स्थानांतरित किया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और कानून व्यवस्था पर लोगों का विश्वास कायम रह सके।
इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोगों की नजर अब प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
