
फुलवारी शरीफ: ईद-उल-फितर के पावन मौके पर फुलवारी शरीफ में उस वक्त खास रौनक देखने को मिली, जब बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार यहां पहुंचे और मुस्लिम समाज के लोगों के साथ ईद की खुशियां साझा कीं।
निशांत कुमार ने फुलवारी शरीफ स्थित प्रसिद्ध खानकाह मुजीबिया और इमारत ए शरिया पहुंचकर लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सभी को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
उन्होंने समाज के कई गणमान्य लोगों से भी मुलाकात की। खास तौर पर शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष अफजल अब्बास और सुन्नी वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष मो. इसरदुल्ला के आवास पर जाकर ईद की शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर निशांत कुमार ने कहा कि ईद का त्योहार प्रेम, भाईचारे और एकता का प्रतीक है, जो समाज को जोड़ने का काम करता है। उन्होंने यह भी कहा कि वे अपने पिता नीतीश कुमार की ओर से प्रदेशवासियों को ईद की हार्दिक बधाई दे रहे हैं।
उन्होंने राज्य के लोगों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि ऐसे त्योहार समाज में सौहार्द और एकजुटता को और मजबूत करते हैं।
ईद के इस मौके पर फुलवारी शरीफ में धार्मिक और सामाजिक समरसता की जो तस्वीर सामने आई, उसने एक बार फिर बिहार की गंगा-जमुनी तहजीब को जीवंत कर दिया।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
