ईद की खुशियों के बीच जब दुआओं की गूंज आसमान तक पहुंच रही थी, उसी वक्त बिहार की सियासत का एक बड़ा चेहरा भी इस रूहानी माहौल में शामिल हुआ…
फुलवारी शरीफ की सरज़मीं पर मौजूद मशहूर खानकाह मुजीबिया में उस समय खास रौनक देखने को मिली, जब बिहार के मुख्यमंत्री Nitish Kumar अचानक यहां पहुंचे और ईद की मुबारकबाद दी।


फुलवारी शरीफ।
ईद के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री Nitish Kumar फुलवारी शरीफ स्थित प्रसिद्ध खानकाह मुजीबिया पहुंचे। यहां उन्होंने सज्जादा नशीं हजरत मौलाना सैयद शाह आयतुल्लाह कादरी से मुलाकात कर उन्हें ईद की दिली मुबारकबाद दी।
मुख्यमंत्री के आगमन पर खानकाह परिसर में खास उत्साह का माहौल बन गया। खानकाह मुजीबिया के प्रबंधक मौलाना मिन्हाजुद्दीन कादरी मुजीबी और नगर सभापति मो. आफताब आलम ने टोपी और गमछा पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सज्जादा नशीं के हुजरे में पहुंचे और उनसे आत्मीय मुलाकात की।
इस दौरान ईद के इस मुबारक मौके पर प्रदेश में अमन-चैन, भाईचारे, खुशहाली और तरक्की के लिए दुआ की गई। मुख्यमंत्री ने भी प्रदेशवासियों के लिए सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री के साथ पूर्व मंत्री Shyam Rajak भी मौजूद रहे। वहीं मौके पर जिलाधिकारी त्यागराजन, एसएसपी कार्तिकेय शर्मा, एसडीएम गौरव कुमार, बीडीओ, सीओ, एसडीपीओ सुशील कुमार और थाना अध्यक्ष समेत कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
करीब 10 मिनट तक खानकाह परिसर में रहने के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया और हाथ हिलाकर ईद की बधाई दी। सड़क किनारे खड़े लोगों में भी मुख्यमंत्री की एक झलक पाने को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।
ईद के इस खास मौके पर मुख्यमंत्री का यह दौरा न सिर्फ सामाजिक सौहार्द का संदेश दे गया, बल्कि यह भी दिखा गया कि त्योहारों की असली खूबसूरती मिल-जुलकर खुशियां बांटने में ही है।

अजीत कुमार की रिपोर्ट