पटना के संपतचक स्थित गोपालपुर थाना में शुक्रवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पूर्वी सिटी एसपी परिचय कुमार अचानक वार्षिक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। बिना किसी पूर्व सूचना के हुए इस औचक निरीक्षण ने थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों के बीच हड़कंप मचा दिया और हर कोई अपनी-अपनी जिम्मेदारियों में जुट गया।
करीब डेढ़ घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने के रिकॉर्ड, केस डायरी, पंजीकृत मामलों और लंबित कांडों की गहन समीक्षा की। इस दौरान कई मामलों के निष्पादन में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों को कड़ी फटकार लगाई गई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लंबित मामलों में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह अपनी टीम के साथ पूरी तरह तैयार नजर आए। एसपी ने अपराध आंकड़ों और अनुसंधान की प्रगति का बारीकी से जायजा लेते हुए पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत कर उनका मनोबल भी बढ़ाया गया।
निरीक्षण के दौरान गोपालपुर थाना क्षेत्र में बढ़ते जमीन विवाद और उससे जुड़े आपराधिक मामलों पर भी गंभीर चर्चा हुई। एसपी ने कहा कि तेजी से हो रहे शहरीकरण और जमीन की बढ़ती कीमतों के कारण ऐसे विवाद बढ़ रहे हैं। उन्होंने इन मामलों में सतर्कता बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा थाना परिसर में जब्त वाहनों के सड़क पर खड़े रहने और संपतचक बाजार में जाम की समस्या को भी गंभीरता से लिया गया। एसपी ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए संबंधित विभाग से समन्वय कर जल्द समाधान निकालने की बात कही।
एसपी परिचय कुमार ने बताया कि गोपालपुर थाना की नई इमारत का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और अगले 2 से 3 महीने में सभी सुविधाओं के साथ पुलिसकर्मियों को वहां स्थानांतरित कर दिया जाएगा। उन्होंने मीडिया की सक्रियता की सराहना करते हुए आम लोगों से पुलिस प्रशासन के कार्यों में सहयोग की अपील की।
निरीक्षण के दौरान अनुशासन, साफ-सफाई और रिकॉर्ड प्रबंधन को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। कुल मिलाकर एसपी के इस औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में सतर्कता बढ़ी है और कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।

अजीत कुमार की रिपोर्ट