पटना के दानापुर प्रखंड अंतर्गत जमसौत पंचायत के ढिबड़ा–आसोपुर मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब निर्माणाधीन पुलिया की सुरक्षा दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त मौके पर काम कर रहा एक मजदूर मलबे में दब गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से काफी मशक्कत के बाद मजदूर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि उसे केवल हल्की चोटें आईं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए भेज दिया गया। वहीं, काम में लगे तीन अन्य मजदूर बाल-बाल बच निकले।

बताया जा रहा है कि यह पुलिया मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क संपर्क योजना के तहत ढिबड़ा–आसोपुर फेज-2 में बनाई जा रही थी। पुलिया के दोनों ओर सुरक्षा दीवार बनाई गई थी, लेकिन अचानक एक तरफ की दीवार गिरने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दीवार गिरने की सूचना मिली है, जिसमें एक मजदूर घायल हुआ है। फिलहाल यह भी जांच की जा रही है कि यह निर्माण कार्य किस एजेंसी और किस योजना के तहत कराया जा रहा था।
स्थानीय लोगों ने इस घटना को गंभीर लापरवाही बताते हुए निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

ब्यूरो रिपोर्ट