बिहटा: नगर परिषद बिहटा की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 17 करोड़ 3 लाख 48 हजार रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। इस बजट में करीब 6 करोड़ 76 लाख रुपये का अधिशेष भी रखा गया है। सभापति प्रियंका कुमारी ने बजट प्रस्तुत करते हुए कहा कि इसके क्रियान्वयन से नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। बजट में सड़क एवं गली निर्माण, नाली व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, पुस्तकालय, सार्वजनिक शौचालय और नगर सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता दी गई है। साथ ही आवासविहीनों के लिए आवास, सामुदायिक भवन, पार्क और वेंडिंग जोन के निर्माण का भी प्रावधान किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, बजट के प्रभावी लागू होने से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और बिहटा में व्यापक विकास देखने को मिलेगा।