
पटना। मोकामा के विधायक अनंत सिंह को पटना उच्च न्यायालय से बड़ी राहत मिली है। चर्चित दुलारचंद यादव हत्याकांड में अदालत ने प्रस्तुत साक्ष्यों और तथ्यों पर विचार करते हुए उन्हें जमानत प्रदान कर दी। इस फैसले के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी होते ही उनके जल्द जेल से रिहा होने की संभावना जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कागजी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद वे शुक्रवार या शनिवार तक बाहर आ सकते हैं, जिससे मोकामा और आसपास के इलाकों में उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
यह मामला 30 अक्तूबर को मोकामा टाल क्षेत्र में हुई दुलारचंद यादव हत्या मामला से जुड़ा है, जिसने पूरे राज्य में व्यापक चर्चा बटोरी थी। हत्या के बाद आरोप अनंत सिंह और उनके समर्थकों पर लगाए गए थे, जिसके बाद 1 नवंबर की देर रात तत्कालीन एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उनके आवास से उन्हें गिरफ्तार किया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों, पसलियों के टूटने, आंतरिक रक्तस्राव और गोली लगने के निशान मिले थे, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई थी।
गौरतलब है कि यह हत्याकांड उस समय सामने आया था जब बिहार में चुनावी माहौल चरम पर था और मृतक का संबंध जनसुराज पार्टी से बताया गया था। इसी बीच अनंत सिंह पहले ही सार्वजनिक रूप से यह ऐलान कर चुके हैं कि वह अब चुनाव नहीं लड़ेंगे और आगे की राजनीति में उनके परिवार, खासकर उनके बेटे की भूमिका होगी। ऐसे में जमानत मिलने के बाद यह मामला एक बार फिर राजनीतिक हलकों में चर्चा का केंद्र बन गया है और इसके दूरगामी प्रभावों को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट
