आरा (भोजपुर)। जन औषधि दिवस के अवसर पर स्थानीय मिल रोड, नवादा स्थित जन औषधि केंद्र द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम जनता को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाओं के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ समाज के निर्माण के प्रति प्रेरित करना था।
शिविर में कुल 185 लोगों ने भाग लेकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। इस दौरान ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, शरीर के तापमान की जांच की गई। अत्यंत गरीब मरीजों के लिए नि:शुल्क ब्लड जांच की भी व्यवस्था की गई थी। डॉ. अरुण कुमार मिश्रा, डॉ. कन्हैया कुमार सहित अन्य चिकित्सकों ने मरीजों को मुफ्त चिकित्सीय परामर्श दिया।

डॉ. अरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि जांच के दौरान कई ऐसे मरीज मिले जिन्हें यह जानकारी नहीं थी कि वे उच्च रक्तचाप या डायबिटीज से पीड़ित हैं। समय पर जांच और परामर्श से ऐसे रोगों की पहचान संभव हो पाती है, जिससे गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है।
शिविर में उपस्थित मरीजों एवं उपभोक्ताओं को जन औषधि योजना से संबंधित जानकारी दी गई। उन्हें अपने आसपास के लोगों को भी आवश्यकता के अनुसार जन औषधि केंद्र से उपलब्ध उच्च गुणवत्ता की दवाओं के उपयोग के लिए प्रेरित करने की सलाह दी गई।
केंद्र संचालक सुधांशु शेखर मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 7 मार्च को जन औषधि दिवस मनाया जाता है। वर्ष 2026 में आठवां जन औषधि दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 1 से 5 मार्च तक पूरे देश में चिकित्सा जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। 6 मार्च को जन जागरूकता पदयात्रा और 7 मार्च को जन औषधि दिवस मनाया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक अनिल कुमार पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार जन औषधि केंद्रों के माध्यम से 2110 प्रकार की दवाएं, 315 प्रकार के सर्जिकल उपकरण, विभिन्न न्यूट्रास्युटिकल्स तथा कुछ आयुर्वेदिक दवाएं जैसे च्यवनप्राश, अश्वगंधा, त्रिफला और शिलाजीत बाजार मूल्य से 90 प्रतिशत तक कम कीमत पर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ समाज के सभी वर्गों के लोग बिना किसी भेदभाव के उठा सकते हैं।
शिविर में सुधांशु शेखर मिश्रा, अनिल कुमार पांडेय, सुवेग मिश्रा, ओमप्रकाश गुप्ता, जयप्रकाश, त्रिलोकी प्रसाद, संजय कुमार, रवि प्रकाश, सूरज प्रकाश सहित चिकित्सक, व्यवसायी और कई गणमान्य लोग एवं जन औषधि उपभोक्ता उपस्थित रहे।

अनील त्रिपाठी की रिपोर्ट