पटना।
विदेश की धरती पर नौकरी करने गए पटना के एक प्रोफेसर आज अपने ही देश लौटने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। राजेंद्र नगर निवासी प्रोफेसर संजीव कुमार ने केंद्र और राज्य सरकार से हस्तक्षेप की अपील करते हुए सुरक्षित घर वापसी की मांग की है। उनका कहना है कि प्रशासनिक जटिलताओं और वीजा संबंधी अड़चनों ने उन्हें लीबिया में रोक रखा है।
प्रोफेसर संजीव पिछले कई वर्षों से लीबिया की विश्वविद्यालयों में अंग्रेजी विषय पढ़ा रहे हैं। हालांकि, वे 2014 से ही भारत लौटने की कोशिश कर रहे हैं। उनका आरोप है कि संबंधित विश्वविद्यालयों ने समय पर आवश्यक दस्तावेज और औपचारिकताएं पूरी नहीं कीं, जिससे उनकी स्थिति उलझती चली गई। लीगल एग्जिट वीजा और सेवा से जुड़ा आधिकारिक प्रमाणपत्र नहीं मिलने के कारण वे वापसी की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ा पा रहे हैं।
अधूरी कागजी कार्रवाई और वेतन विवाद
सूत्रों के अनुसार, त्रिपोली विश्वविद्यालय में सेवा अवधि के दौरान पूरी प्रशासनिक प्रक्रिया का पालन नहीं हुआ। इसका असर वेतन भुगतान पर भी पड़ा—करीब 39 महीनों के बदले उन्हें सिर्फ 21 महीनों का भुगतान मिला। बाद में अलमरगिब विश्वविद्यालय में भी वैध वीजा उपलब्ध न होने की समस्या सामने आई।
प्रोफेसर संजीव का दावा है कि उनका लगभग डेढ़ करोड़ रुपये का बकाया फंसा हुआ है। बिना वैध वीजा के काम करने की स्थिति ने उन्हें कानूनी आशंकाओं में भी डाल दिया है। उनका कहना है कि इस परिस्थिति में आर्थिक और विधिक दोनों तरह का जोखिम बना हुआ है।
‘पहले घर वापसी, बाकी बाद में’
प्रोफेसर संजीव स्पष्ट करते हैं कि फिलहाल उनकी प्राथमिकता बकाया राशि नहीं, बल्कि सुरक्षित स्वदेश वापसी है। उनका पैतृक आवास पटना के राजेंद्र नगर में है और उनके पिता एससीईआरटी, पटना में प्रोफेसर रह चुके हैं। वे कहते हैं कि विदेश में पढ़ाने के बावजूद उनका मन हमेशा बिहार की शिक्षा व्यवस्था में योगदान देने को करता रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी दस्तावेज में कमी है तो उसे स्पष्ट किया जाए, ताकि वे उसे पूरा कर सकें। मामला मानवाधिकार आयोग तक पहुंच चुका है, लेकिन समाधान अब भी अधूरा है।
प्रोफेसर संजीव ने भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है भारत सरकार विदेश मंत्रालय के स्तर पर पहल कर उनकी वापसी का रास्ता साफ करेगी। अब देखना है कि एक शिक्षक की यह पुकार कब तक सुनी जाती है और उन्हें अपने घर लौटने का अवसर मिलता है।

अजीत कुमार की रिपोर्ट