फुलवारी शरीफ।
होली को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए फुलवारी शरीफ पुलिस प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च निकालकर साफ संदेश दे दिया है—रंगों का त्योहार खुशी से मनाइए, हुड़दंग बर्दाश्त नहीं होगा।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुशील कुमार के नेतृत्व में थाना अध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शहबाज आलम और भारी संख्या में पुलिस बल ने शहर और आसपास के सभी प्रमुख व संवेदनशील इलाकों में पैदल व वाहन गश्ती की।
फ्लैग मार्च राष्ट्रीय गंज, चुनौती कुआं, महतवाना, सदर बाजार, गुलिस्तान मोहल्ला, कुरकुरी रोड मोड़, बहादुरपुर, हिंदूनी, गोनपुरा, धारावाहिक, बभनपुरा, दोपहर चक, भूसौला दानापुर, एम्स गोलंबर, वाल्मी, नया टोला, खगोल, सबजपुरा मोड़, फुलवारी ब्लॉक, भट्ठी मोड़, हारून नगर, सकेत बिहार, रानीपुर, करौड़ी चौक, बरहमपुर और अनीसाबाद सहित अन्य क्षेत्रों से होकर गुजरा।
जहां-जहां पुलिस का काफिला पहुंचा, वहां लोगों में भरोसे का माहौल साफ दिखा। कई जगहों पर दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने पुलिस अधिकारियों से बातचीत की।
मार्च के दौरान अधिकारियों ने आम नागरिकों, दुकानदारों और युवाओं से संवाद करते हुए अपील की कि होली आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं, अफवाहों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
प्रशासन ने सख्त चेतावनी दी है कि जबरन रंग लगाने, शराब के नशे में उत्पात मचाने, हुड़दंग करने या शांति भंग करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पर्व को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और लगातार गश्ती जारी रहेगी।
एसडीपीओ सुशील कुमार ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद है। थाना अध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शहबाज आलम ने भी लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पुलिस और जनता मिलकर ही सुरक्षित और सद्भावपूर्ण होली सुनिश्चित कर सकते हैं।
फुलवारी शरीफ में प्रशासन की सक्रियता से साफ है—इस बार होली रंगों, उमंगों और भाईचारे की होगी, अराजकता की नहीं।

अजीत कुमार की रिपोर्ट