
पटना के संपतचक नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत एकतापुरम भोगीपुर स्थित माता सुमित्रा देवी कॉमर्शियल फ्लोर में रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिवस के अवसर पर भव्य “आदर्श होली मिलनोत्सव–2026” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वायु वृद्धि सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाजसेवी सुखदेव बाबू ने किया।
समारोह का मुख्य आकर्षण मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर संपतचक में अब तक का सबसे बड़ा केक काटना रहा। जैसे ही केक काटा गया, पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह से गूंज उठा। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की कामना की।

इस अवसर पर विधायक सह बिहार विधान सभा के सचेतक अरुण मांझी, पुलवामा के अमर शहीद संजय कुमार सिन्हा की धर्मपत्नी शकुन्तला देवी उर्फ बेबी देवी, 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष रंजीत कुमार उर्फ टप्पु, नगर परिषद संपतचक वार्ड संख्या 14 की पार्षद नीतू कुमारी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता रही। आयोजन में “मिशन नौनिहाल सम्मान” की सक्रिय भागीदारी ने समारोह को विशेष रूप से प्रेरणादायक बना दिया। संस्था से जुड़े बच्चों ने रंगों और उत्साह के साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और प्रेम का संदेश दिया।
होली के पावन अवसर पर आयोजित इस मिलनोत्सव का उद्देश्य सामाजिक सद्भाव और समरसता को सुदृढ़ करना रहा। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द का परिचय दिया।
संस्था के संस्थापक संरक्षक समाजसेवी सुखदेव बाबू के मार्गदर्शन में बच्चों ने शिक्षा, संस्कार और समाजसेवा का संदेश जनसमूह तक पहुंचाया। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों ने आयोजकों की सराहना की और इसे क्षेत्र में सामाजिक एकता की मिसाल बताया।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
