राजधानी पटना में पिछले तीन-चार महीनों से लगातार हो रही ज्वेलरी स्नेचिंग और हथियार के बल पर छिनतई की घटनाओं का पटना पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से 01 देशी पिस्टल, 01 देशी कट्टा, 06 जिंदा कारतूस, 01 चोरी की मोटरसाइकिल, स्नेचिंग की गई सोने की ज्वेलरी तथा ज्वेलरी बिक्री से प्राप्त 33,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार अगमकुआं, पत्रकारनगर, रामकृष्णानगर और आलमगंज थाना क्षेत्रों में महिलाएं और पुरुष अपराधियों के निशाने पर थे। बदमाश राह चलते लोगों के पहने सोने के आभूषण झपट लेते थे। कई मामलों में हथियार का भय दिखाकर छिनतई की वारदात को अंजाम दिया गया। लगातार बढ़ती घटनाओं से आमजन में दहशत का माहौल बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) पटना के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में अगमकुआं थाना और डीआईयू पटना पूर्वी की संयुक्त भूमिका रही। तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज की जांच और मानवीय अनुसंधान के आधार पर 1 मार्च 2026 को छापेमारी कर गिरोह का भंडाफोड़ किया गया।
नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। साथ ही अन्य संभावित कांडों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि शहर में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस ने सभी अभियुक्तों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की आगे की अनुसंधान प्रक्रिया जारी है।

अजीत कुमार की रिपोर्ट