फुलवारी शरीफ।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिन के अवसर पर सोमवार को फुलवारी शरीफ हाई स्कूल परिसर में सामाजिक सरोकार और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। इस मौके पर जीविका दीदियों द्वारा तैयार की गई पोशाक आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के बीच वितरित की गई। नई पोशाक पहनते ही नन्हे-मुन्नों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरा परिसर तालियों की गूंज से भर गया।


कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पोशाक के साथ मिठाई भी दी गई। मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर केक काटकर शुभकामनाएं दी गईं और उपस्थित लोगों ने उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

इस अवसर पर विधायक श्याम रजक ने कहा कि मुख्यमंत्री के विजन के कारण बिहार में महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक समानता की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक समय था जब निजी विद्यालयों के बच्चे निर्धारित पोशाक में नजर आते थे, जबकि आंगनबाड़ी के बच्चे साधारण कपड़ों में दिखते थे, जो समानता के सिद्धांत के अनुरूप नहीं था। अब मुख्यमंत्री की पहल पर आंगनबाड़ी बच्चों को भी पोशाक उपलब्ध कराई जा रही है। इसके निर्माण की जिम्मेदारी जीविका दीदियों को सौंपे जाने से महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।

विधायक रजक ने फुलवारी शरीफ प्रखंड परिसर में जीविका दीदियों के लिए अपने विधायक निधि से जमीन उपलब्ध कराने और सिलाई प्रशिक्षण केंद्र खोलने की घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि मार्च माह से निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिससे स्थानीय महिलाओं को प्रशिक्षण के साथ स्थायी रोजगार का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष आफताब, वार्ड पार्षद मोहम्मद मिनहाज, गुड्डू रजक, राम प्रवेश सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। पूरे समारोह में उत्साह, सहभागिता और सामाजिक समानता का संदेश स्पष्ट रूप से झलकता रहा।

अजीत कुमार की रिपोर्ट