
मोनी-फैजा-खुशी-सोनाक्षी ने जीता प्रथम पुरस्कार
बिहटा। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NSIT) में आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान प्रतियोगिता इस बार बिहटा पब्लिक स्कूल के नाम रही। स्कूल के छात्रों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और वैज्ञानिक सोच के दम पर ऐसा प्रदर्शन किया कि निर्णायक मंडल भी प्रभावित हुए बिना नहीं रह सका।

प्रतियोगिता में पटना और आसपास के करीब दस विद्यालयों के विद्यार्थियों ने पोस्टर प्रस्तुति, प्रोजेक्ट प्रदर्शनी, हैकाथॉन और तकनीकी क्विज में हिस्सा लिया। लेकिन बिहटा पब्लिक स्कूल की टीम ने अपने नवाचार से अलग पहचान बनाई। खास तौर पर “पैड प्रोजेक्ट मशीन” मॉडल को प्रथम पुरस्कार मिला। इस प्रोजेक्ट को तैयार करने वाली छात्राएं — मोनी, फैजा, खुशी और सोनाक्षी — को सम्मानित किया गया और पुरस्कार राशि प्रदान की गई। उनके मॉडल ने आधुनिक जरूरतों और सामाजिक उपयोगिता को सरल वैज्ञानिक सिद्धांतों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
निर्णायकों के तीखे सवालों का जिस आत्मविश्वास और सटीकता से बच्चों ने जवाब दिया, उसने सभी को चौंका दिया। प्रोजेक्ट निर्माण से लेकर प्रस्तुतीकरण तक टीमवर्क और तालमेल साफ झलक रहा था।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. उदय कुमार सिंह ने कहा कि, “यह उपलब्धि सालभर की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।” निदेशक डॉ. सोनी सिंह ने भी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “स्कूल का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तक तक सीमित नहीं, बल्कि बच्चों में खोजी और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना है।”
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि और संस्थान की प्रबंध निदेशक नीतू सिंह ने युवाओं को विज्ञान और अनुसंधान में करियर बनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि “तकनीकी नवाचार ही देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।”
वित्त रजिस्ट्रार पवन सिंह ने ऐसे आयोजनों को आत्मविश्वास बढ़ाने वाला बताया, जबकि निदेशक डॉ. आर.एस. शर्मा और प्राचार्य डॉ. जे. डालेई ने वैज्ञानिक सोच और निरंतर नवाचार की आवश्यकता पर जोर दिया। अंत में विजेताओं को सम्मानित कर कार्यक्रम का समापन किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा और सीख का यादगार मंच साबित हुआ।
ब्यूरो रिपोर्ट
