
फुलवारी शरीफ। पटना के फुलवारी शरीफ स्थित इस्लामिया टीचर्स ट्रेनिंग बी.एड. कॉलेज में शुक्रवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। वर्ष 2026 की थीम “विज्ञान में महिलाएं: विकसित भारत को गति देने वाली” के अनुरूप कार्यक्रम में विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका को प्रमुखता से रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार की भावना और अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करना था। इस अवसर पर शिक्षार्थियों ने विज्ञान से जुड़े विभिन्न मॉडल, चार्ट और प्रयोग प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी में दैनिक जीवन में विज्ञान के उपयोग, पर्यावरण संरक्षण, तकनीकी विकास और नए वैज्ञानिक आविष्कारों को रचनात्मक ढंग से दर्शाया गया।
रंजीत, ऋषिका, दानिश, साकिब, रितिका, शालिनी मिश्रा और शालू ने भाषण, पोस्टर प्रदर्शनी, स्लोगन लेखन और विज्ञान संबंधी प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने विकसित भारत के निर्माण में विज्ञान तथा विशेष रूप से महिलाओं की भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।
आईक्यूएसी के समन्वयक डॉ. अली इमाम एवं सह-समन्वयक डॉ. मंजुला ने विज्ञान की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विज्ञान समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को शोध और नवाचार के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सराहा गया तथा भविष्य में भी इस तरह की रचनात्मक गतिविधियों के आयोजन का संकल्प लिया गया।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
