
दो खोखा बरामद, आपसी रंजिश की आशंका
राजधानी पटना में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शाहपुर डबल मर्डर कांड के बाद अब रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के जगनपुरा में एक प्रॉपर्टी कारोबारी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन देर रात हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई।
बताया जाता है कि जगनपुरा में एक बंद मॉल के समीप गली में रहने वाले जमीन कारोबारी प्रदीप राय के आवास पर सोमवार देर रात बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे। अपराधियों ने घर को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। अचानक गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और घरों में छिप गए। एहतियातन आसपास की दुकानों के शटर भी तुरंत बंद कर दिए गए।
सूचना मिलते ही रामकृष्ण नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए गए हैं। थाना अध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। दो पक्षों के बीच पूर्व से विवाद की जानकारी मिली है, जिसे ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बदमाशों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एहतियात के तौर पर इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
